Delhi-Noida: New bridge over Yamuna

दिल्ली-नोएडा के बीच नया पुल
13 Feb 2011, 0721 hrs IST,नवभारत टाइम्स

विनोद शर्मा ।। नोएडा
नोएडा से साउथ दिल्ली, फरीदाबाद और गुड़गांव की कनेक्टिविटी अब और आसान बनने जा रही है। नोएडा अथॉरिटी ओखला बैराज के पास यमुना पर नया ब्रिज बनाने जा रही है। इसका कंस्ट्रक्शन अगले चार महीने में शुरू हो जाएगा। तब तक टेक्निकल प्रोसेस का काम पूरा किया जा रहा है। ब्रिज को पूरा करने का टारगेट 31 दिसंबर 2013 रखा गया है। ब्रिज का पूरा खर्च नोएडा अथॉरिटी उठाएगी।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस वे अथॉरिटी के चेयरमैन मोहिंदर सिंह ने एनबीटी को बताया कि नया पुल नोएडा से जुड़ने वाले ओखला बैराज और डीएनडी, दोनों से काफी अलग होगा। इस पुल का मेट्रो रूट के साथ तालमेल बैठाया जाएगा। नैशनल बोटैनिकल गार्डन के पास मेट्रो का तिराहा होगा। यहां से एक राह दिल्ली, दूसरी सिटी सेंटर व ग्रेटर नोएडा और तीसरी साउथ दिल्ली की तरफ जाएगी।

सिंह ने बताया कि जब पब्लिक ट्रांसपोर्ट में नई तकनीक इस्तेमाल हो रही है तो हम इस आठ लेन के ब्रिज में बीआरटी कॉरिडोर का भी प्रावधान रखना चाहेंगे। इस ब्रिज का इस्तेमाल तब और ज्यादा बढ़ जाएगा, जब ग्रेटर नोएडा की तरफ से एक सड़क यमुना के किनारे से आकर इस ब्रिज से कनेक्ट होगी। डीएमआरसी के रेलवे कॉरिडोर के तहत एक टैक ग्रेटर नोएडा के दादरी स्टेशन से निकलकर नोएडा के बॉर्डर को कोंडली बादौली के पास टच करते हुए हरियाणा की तरफ निकल जाएगा। तब इसके साथ भी यमुना पर एक नए पुल की संभावना बनेगी। हालांकि अथॉरिटी का फोकस अभी ओखला बैराज के पास यमुना पर नया पुल बनाने पर है।

http://navbharattimes.indiatimes.com/delhiarticleshow/7485737.cms

Leave a comment